दोस्तों हीरानंद सच्चिदानंद वात्स्यायन ’अज्ञेय’ द्वारा रचित "कविता कलगी बाजरे की " यह कविता मूलतः प्रेम और प्रकृति को अभिव्यक्त करती हैं। अज्ञेय जी इस कविता में प्रेयसी को किसी प्रकार के रीतिकालीन उपमानों, बिंबो ,  मांसल सौंदर्य का वर्णन नहीं करना चाहता। कवि यदि अपनी प्रियसी को कलगी बाजरे की कहता है तो उसे अपना प्रेम कहीं अधिक विस्तृत और फैला दिखाई देता है।

"कलगी बाजरे की " अज्ञेय द्वारा रचित " हरी घास में क्षणभर " काव्य संग्रह से लिया गया है। इसका प्रकाशन वर्ष 1949 में किया गया था।  


"कलगी बाजरे की " (कविता) 

हरी बिछली घास।
दोलती कलगी छरहरे बाजरे की।

अगर मैं तुम को ललाती सांझ के नभ की अकेली तारिका
अब नहीं कहता,
या शरद के भोर की नीहार – न्हायी कुंई,
टटकी कली चम्पे की, वगैरह, तो 
नहीं कारण कि मेरा हृदय उथला या कि सूना है
या कि मेरा प्यार मैला है।

बल्कि केवल यही : ये उपमान मैले हो गये हैं।
देवता इन प्रतीकों के कर गये हैं कूच।

कभी बासन अधिक घिसने से मुलम्मा छूट जाता है।
मगर क्या तुम नहीं पहचान पाओगी :
तुम्हारे रूप के-तुम हो, निकट हो, इसी जादु के-
निजी किसी सहज, गहरे बोध से, किस प्यार से मैं कह रहा हूं-
अगर मैं यह कहूं-

बिछली घास हो तुम
लहलहाती हवा मे कलगी छरहरे बाजरे की ?

आज हम शहरातियों को
पालतु मालंच पर संवरी जुहि के फ़ूल से 
सृष्टि के विस्तार का- ऐश्वर्य का- औदार्य का-
कहीं सच्चा, कहीं प्यारा एक प्रतीक बिछली घास है,
या शरद की सांझ के सूने गगन की पीठिका पर दोलती कलगी
अकेली 
बाजरे की।

और सचमुच, इन्हें जब-जब देखता हूं
यह खुला वीरान संसृति का घना हो सिमट आता है-
और मैं एकान्त होता हूं समर्पित

शब्द जादु हैं-
मगर क्या समर्पण कुछ नहीं है ?